| | | |

रतलाम में बस हाईजैक कर करोड़ों की लूट: व्यापारी से 5 किलो सोना ले गए बदमाश; पांच की तलाश

रतलाम। गुरुवार रात में सराफा व्यापारी से बदमाश 5 किलो सोने के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 7.50 करोड़ रुपए का सोना होने के साथ लाखों की नगदी भी थी। मामले में पुलिस को पांच संदिग्धों की तलाश है।

व्यापार के सिलसिले में गए थे बड़नगर
महलवाड़ा जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया जेवरात बेचने के सिलसिले में बड़नगर गए थे। वे बैग में करीब 7.50 करोड़ रुपए क़ीमत का पांच किलो सोना और 3 लाख रुपए लेकर बस से रतलाम लौट रहे थे।

बस रुकवाकर छीना बैग 
रात 9.15 बजे हनुमान फंटे के पास ड्राइवर की सीट के पास बैठे एक व्यक्ति ने अचानक बस रुकवाई। इसी दौरान चौरड़िया की सीट के पीछे बैठे दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। दोनों बदमाश बस से नीचे उतरे और बाहर बाइक लेकर खड़े साथियों के साथ फरार हो गए।

पांच बदमाशों पर शक
वारदात की सूचना मिलते ही डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में सर्चिंग की। शुरुआती जांच में लूट में करीब पांच बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस की कई टीम बदमाशों की तलाश में रवाना की गई हैं।

सीसीटीवी फुटेज की खोज
लूट के बाद पुलिस ने बस में बड़नगर से सवार हुए यात्रियों की कुंडली खंगालना शुरू कर दी।  ड्राइवर और कंडक्टर से भी पूछताछ की। वही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने व्यापारी की पहले रेकी की है। बड़नगर से बस में सवार होने वाले यात्रियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

साइबर टीम भी जांच में जुटी
वारदात के बाद मामले में बिलपांक थाने मे एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियो का कहना है कि जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस के साथ साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों, सीसीटीवी फुटेज और संभावित भागने के रास्तों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Share