सिंहस्थ की तैयारियों को लगा झटका: उज्जैन में दिनदहाड़े हाइड्रा मशीन से उड़ा ले गए तीन पोल, CCTV में कैद हुई वारदात

मध्यप्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ की तैयारियों के बीच चोरों के हौसले बेहद बुलंद नजर आ रहे हैं। बापू नगर क्षेत्र में चोरों की नजर अब सिंहस्थ के काम के लिए लाए गए बिजली के पोल पर टिक गई है। बदमाशों ने दिनदहाड़े हाइड्रा मशीन और लोडिंग वाहन की मदद से तीन भारी-भरकम पोल उड़ा लिए। यह पूरी दुस्साहसिक वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
विद्युत वितरण कंपनी के लिए 11 केवी फीडर का काम कर रहे ठेकेदार अमित सिंह परिहार ने बापूनगर स्थित साइट पर तीन एचबीएम पोल और आरएस-जॉस्ट काम के लिए रखे थे। 9 अगस्त को जब साइट इंचार्ज राजेंद्र सिंह राठौर मौके पर पहुंचे, तो उन्हें तीनों पोल गायब मिले। अनहोनी की आशंका होने पर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुछ लोग बेखौफ होकर हाइड्रा मशीन और लोडिंग वाहन के जरिए पोल ले जाते हुए साफ दिखाई दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइट इंचार्ज राजेंद्र सिंह राठौर ने चिमनगंज मंडी थाने में शिकायती आवेदन दर्ज कराया है। फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई है, जिनमें हाइड्रा मालिक ध्रुव जाट, ड्राइवर तूफान और बेगमबाग निवासी बबलू उर्फ इम्तियाज के नाम शामिल हैं। पुलिस ने आवेदन के आधार पर संदिग्धों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।