| |

देवास में BJP के 50 कार्यकर्ता: कांग्रेस में शामिल; राजवीर बघेल बोले- संगठन होगा मजबूत

देवास। हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लिंबोदा में BJP को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब गांव के 50 से अधिक स्थानीय निवासी और युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। सदस्यता कार्यक्रम पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजवीर सिंह बघेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यक्रम
ग्राम लिंबोदा पंचायत में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का ग्रामीणों ने स्वागत और अभिनंदन किया। पार्टी में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

युवाओं और किसानों में बदलाव की भावना: बघेल
राजवीर सिंह बघेल ने कहा कि लिंबोदा पंचायत हमेशा से जागरूक और सक्रिय पंचायत रही है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र मुख्य रूप से पाटीदार और गुर्जर समाज बहुल है और लंबे समय से बीजेपी का प्रभाव रहा है।

बघेल ने कहा कि पिछले 25 वर्षों के बीजेपी शासन के बाद अब क्षेत्र के युवा और किसान दोनों दलों के बीच अंतर को समझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 50 से अधिक लोगों का कांग्रेस में शामिल होना संगठन के लिए बड़ी मजबूती है और पार्टी का उद्देश्य गांव-गांव तक कांग्रेस को मजबूत करना है।

टिकट पर भी रखा पक्ष
राजवीर सिंह बघेल ने विधानसभा चुनाव के संदर्भ में कहा कि टिकट मांगने का अधिकार हर कांग्रेसी को है, लेकिन उनका और उनके परिवार का हाटपिपलिया क्षेत्र से पिछले 40 वर्षों से जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता यहां से तीन बार विधायक रह चुके हैं और वे स्वयं पिछले 10 वर्षों से लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले उपचुनाव में कांग्रेस बहुत कम अंतर से पीछे रही थी और इस बार कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से हाटपिपलिया सीट जीतने का लक्ष्य लेकर कांग्रेस आगे बढ़ रही है।

राजनीतिक समीकरणों पर असर की चर्चा
चुनावी माहौल के बीच ग्राम लिंबोदा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना हाटपिपलिया विधानसभा के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। कांग्रेस इसे क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन और बीजेपी के प्रति असंतोष के रूप में देख रही है।

Share