रिकार्ड में 445 बच्चों का नाम, पढ़ रहे सिर्फ 35: मुरैना में दो कमरों में चल रहा मदरसा; अधिकतर नाम हिंदू बच्चों के

मुरैना। जिले में दो कमरों में मदरसा संचालित हो रहा था। रिकॉर्ड में 445 बच्चों का दाखिला दर्ज मिला। निरीक्षण के दौरान मौके पर सिर्फ 35 बच्चे पढ़ते हुए मिले। आयोग अध्यक्ष ने मदरसे को तत्काल सील कराने के निर्देश दिए है।
445 बच्चों का नाम दर्ज, पढ़ रहे सिर्फ 35
खड़ियाहार गांव में बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिर्फ दो कमरों में मदरसा संचालित होते मिला। आयसा इस्लामिया के रिकॉर्ड में 445 बच्चों का नाम लिखा था। जब निरीक्षण हुआ तो 35 बच्चे पढ़ते हुए मिले। रिकॉर्ड में दर्ज अधिकांश बच्चों के नियमित रूप से मदरसे नहीं आने की बात भी सामने आई।

अधिकांश बच्चे हिंदू
बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति के अधिकारियों के साथ मदरसे का अचानक निरीक्षण किया। रिकॉर्ड में दर्ज अधिकांश बच्चे हिंदू बताए गए हैं। ये बच्चे नियमित रूप से मदरसे में पढ़ने नहीं आते थे।
कई जरूरी रिकॉर्ड नहीं कराए उपलब्ध
आयोग अध्यक्ष ने मदरसा प्रबंधन से बच्चों के दाखिले और संचालन से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड मांगे, लेकिन कई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए जा सके। निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए आयोग अध्यक्ष ने मदरसे को तत्काल सील कराने के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्कूलों में प्रवेश दिलाने के निर्देश
सहायक संचालिका को मदरसे की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई शुरू करने को कहा। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। रिकॉर्ड में दर्ज बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्हें नजदीकी प्राथमिक स्कूलों में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।