उज्जैन में डेयरी पर खाद्य विभाग का छापा: 5 लाख का घी, पनीर-मावा जब्त; एनालॉग पनीर की आशंका

उज्जैन। गुरुवार को डेयरी और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में घी, पनीर और मावा जब्त किया है।त्योहारों से पहले खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पनीर के एनालॉग होने की आशंका के चलते इसके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
33 किलो पनीर और 80 किलो मावा जब्त
खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को इंदौर रोड स्थित सांवरिया परिसर में संचालित पालीवाल डेयरी पर जांच की। यहां कोल्ड रूम में रखे 33 किलो पनीर और 80 किलो मावा को जब्त किया गया। जब्त पनीर की कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है।

अन्य सामग्री से तैयार किया पनीर
आशंका है कि पनीर एनालॉग यानी दूध से तैयार होने वाले सामान्य पनीर के बजाय अन्य सामग्री से तैयार किया गया हो सकता है। इससे पहले बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने आनंद नगर स्थित श्री कृष्णा डेयरी और फव्वारा चौक स्थित फर्म श्री राजेंद्र ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया।
5 लाख 8 हजार रुपये कीमत
जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर ‘प्योरा श्योर’ ब्रांड के देसी घी का बड़ी मात्रा में स्टॉक मिला। टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 876 किलो घी जब्त किया, जिसकी कीमत 5 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।

प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे सैम्पल
खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि विभाग को पहले एक स्थान से जब्त किए गए मावे की सप्लाई चेन की जांच के दौरान पालीवाल डेयरी के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद यहां कार्रवाई की गई। जब्त पनीर और मावे के नमूने लेकर भोपाल स्थित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
लैब रिपोर्ट के बाद होगा स्पष्ट
लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सप्लायर और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।