| | |

उज्जैन SP-कलेक्टर घोड़े पर बैठे; दो तिरंगा यात्राएं निकाली; बच्चों ने गाए देशभक्ति के गीत

उज्जैन। गुरुवार को दो अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। शहर की सड़कों पर हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे नजर आए। एसपी कलेक्टर घोड़े पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में निकले। स्कूली बच्चों और स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।

यात्रा दशहरा मैदान से शुरू हुई
पहली तिरंगा यात्रा दशहरा मैदान से शुरू हुई। जो मुंगी चौराहा होते हुए टॉवर चौक पहुंची। इसमें पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी,एनएसएस, स्काउट और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह,एसपी प्रदीप शर्मा घोड़े पर सवार होकर तिरंगा लेकर निकले। नगर निगम कमिश्नर समेत अधिकारियों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। अश्वारोही दल के साथ निकली यह यात्रा शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र रही।

शहीद पार्क से निकली दूसरी यात्रा,
दूसरी तिरंगा यात्रा नगर निगम की ओर से शहीद पार्क से निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे तिरंगा हाथों में लेकर देशभक्ति गीतों और नारों के साथ शामिल हुए। यह मुख्य मार्गो से होते हुए फव्वारा चौक पहुंची, जहा इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल बरसा कर स्वागत किया।

तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया
इसमें महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, विधायक,सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। दोनों यात्राओं ने शहर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

Share