| | |

वनतारा का नन्हा हाथी बलराम बना सोशल मीडिया स्टार: पानी में कर रहा मस्ती; वीडियो और तस्वीरें वायरल

जामनगर। वनतारा में जन्मा नन्हा हाथी बलराम अब 8 महीने का हो गया है। इन दिनों उसका नहाने का अंदाज लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है। पानी में उतरते ही बलराम जमकर मस्ती करता है और अपनी सूंड से पानी उछालते हुए खेलता नजर आता है।

बलराम को नहाने के दौरान पानी में खेलना बेहद पसंद है। उसकी मासूम शरारतें और चंचल हरकतें वन्यजीव प्रेमियों को खूब आकर्षित कर रही हैं। देखभाल करने वाले कर्मचारी जब उसे नहलाते हैं, तो वह कभी पानी में उछल-कूद करता है तो कभी अपनी सूंड से चारों ओर पानी की बौछार करता दिखाई देता है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बलराम की प्यारी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग उसके मासूम चेहरे, पानी में खेलते अंदाज और शरारती हरकतों को खूब पसंद कर रहे हैं। कई यूजर्स उसे ‘लिटिल जेंटल जाइंट’ और ‘क्यूटेस्ट बेबी एलीफेंट’ कहकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वन्यजीव प्रेमियों के लिए बना आकर्षण
वनतारा में आने वाले वन्यजीव प्रेमियों के लिए बलराम खास आकर्षण बन गया है। उसकी गतिविधियों को देखने के लिए लोग उत्सुक रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे हाथियों के लिए पानी में खेलना उनकी स्वाभाविक गतिविधियों का हिस्सा होता है, जिससे वे सक्रिय और खुश रहते हैं। बलराम की मासूमियत और पानी में की गई उसकी मस्ती ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वन्यजीवों की सहज और प्राकृतिक हरकतें लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं।

Share