| |

सोहागी पहाड़ पर सड़क का चौड़ीकरण शुरू: 17 करोड़ में बनेगी रोड; अब तक हो चुकी हैं अनगिनत मौतें

रीवा। सोहागी पहाड़ की रोड का चौड़ीकरण कार्य शुरू हो गया है। इससे लगातार हो रहे हादसों में कमी आएगी साथ ही सड़क की खराब गुणवत्ता में भी सुधार होगा। सुप्रीम कोर्ट रोड सेफ्टी कमेटी के चेयरमैन जस्टिस अभय मनोहर सप्रे भी रीवा पहुंचकर इसकी जांच करेंगे।

बीजेपी नेता गौरव तिवारी ने उठाया था मामला
सोहागी पहाड़, त्योंथर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर भाजपा नेता गौरव तिवारी ने मामला प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने 6 जून को 2025 को सुप्रीम कोर्ट रोड सेफ्टी कमेटी के सदस्य संजय बंदोपाध्याय को शिकायत भेजकर सड़क की गुणवत्ता, डिजाइन और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए थे।

शिकायत में पिछले कुछ वर्षों में हुए हादसों का हवाला दिया गया था। इसमें 1 फरवरी 2024 को ट्रक पलटने की घटना के साथ 5 जून 2025 के दर्दनाक हादसे का भी उल्लेख था। 5 जून के हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे।

 

राज्य सरकार से मांगी गई थी रिपोर्ट
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट रोड सेफ्टी कमेटी के सचिव संजय मित्तल ने 6 जून 2025 को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजा था। इसमें हादसों की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों और सड़क की स्थिति को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई थी। समिति ने ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, ट्रैफिक नियमों के पालन और सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद राज्य सरकार को मामले में कई बार जवाब देना पड़ा।

 

6 किमी सड़क का चौड़ीकरण शुरू
सोहागी पहाड़ के करीब 6 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण पर करीब 17 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की योजना है। माना जा रहा है कि चौड़ीकरण और सड़क सुरक्षा से जुड़े काम पूरे होने के बाद इस खतरनाक मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। सुप्रीम कोर्ट रोड सेफ्टी कमेटी के चेयरमैन के रीवा दौरे से इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर उम्मीद बढ़ी है। जांच में सड़क की गुणवत्ता, डिजाइन, सुरक्षा व्यवस्था और हादसों के कारणों को भी देखा जा सकता है।

Share