झाबुआ में सड़क हादसे में 2 लोगो की मौत: तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर; लोगों ने किया हंगामा

झाबुआ। थांदला-मेघनगर मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा सजेली फाटक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
वहां मौजूद लोगो ने बतया, टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक सवार दोनों लोग ट्रक के टायर के नीचे दब गए। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित लोगों ने जताया विरोध
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए ट्राले और बाइक की स्थिति की जांच की जा रही है। आसपास मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।
हादसे से इलाके में शोक
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।