इंदौर में 15 अगस्त के बाद तेज बारिश के आसार: शहर में आज करीब 16 मिमी बारिश; औसत से अब तक 5 इंच से कम

इंदौर। मंगलवार को इंदौर में मानसून रिमझिम-रिमझिम बरस रहा है। सुबह से ही शहर में रिमझिम से मध्यम बारिश का दौर शुरू रहा, जो करीब 4 घंटे तक जारी रहा। बारिश के चलते शहर तरबतर हो गया और मौसम सुहावना हो गया। मंगलवार को करीब 16 बारिश दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक इंदौर में इसी तरह रिमझिम से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि झमाझम और तेज बारिश के लिए अभी कुछ दिन इंतजार करना होगा। 15 अगस्त के बाद तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
बारिश का आंकड़ा 15 इंच के पार
आज हुई बारिश के बाद इंदौर में इस मानसून सीजन की बारिश का आंकड़ा करीब 15 इंच के पार पहुंच गया है। इसके बावजूद शहर अभी भी औसत बारिश से करीब 5 इंच पीछे चल रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर बारिश का कोटा पूरा हो सकता है।

तापमान में भी आई गिरावट
बारिश के कारण शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के चलते मौसम में ठंडक घुल गई। लंबे समय बाद हुई इस बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश का दौर नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश के कई शहरों में तेज बारिश का दौर देखने को नहीं मिलेगा। आने वाले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं 15 अगस्त के बाद मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना बन सकती है।