इंदौर में जॉब का झांसा देकर 10 लाख की ठगी: कमीशन का लालच दिया; अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम

इंदौर। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 10 लाख 8 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। उन्होंने पार्ट टाइम जॉब और कमीशन का लालच दिया था। जालसाजों ने पहले पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा। फिर ‘NSC रिस्पेक्ट’ नाम से विज्ञापन भेजकर ऑनलाइन काम और कमीशन का लालच दिया।
रेस्टोरेंट की लिंक भेजकर रेटिंग देने का टास्क दिया
ठगों ने पीड़ित को होटल और रेस्टोरेंट की लिंक भेजकर उन्हें रेटिंग देने का टास्क दिया। इसके बाद अलग-अलग प्रक्रिया और निवेश के नाम पर पीड़ित से लगातार रकम जमा कराई गई। जालसाजों ने पीड़ित से उसका नाम, पता, बैंक अकाउंट सहित अन्य जानकारी भी हासिल कर ली।
अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम
ऑनलाइन टास्क और कमीशन के नाम पर शुरू हुआ। यह सिलसिला लगातार चलता रहा। जालसाज अलग-अलग खातों में निवेश के नाम पर रकम जमा करवाते रहे। पार्ट टाइम जॉब से कमाई और कमीशन मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने कुल 10.08 लाख रुपए जमा कर दिए।
ठगी का शक होने पर शिकायत की
बाद में ठगी का शक होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
ऑनलाइन जॉब और कमीशन के नाम पर लोगों को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ठगी की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। – राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी