| |

बेंगलुरू में ट्रेकिंग पर गया इंदौर का युवक लापता: जाने से पहले मंगेतर से हुई थी बात; मोबाईल फोन भी बंद

इंदौर। शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रेकिंग के लिए गया युवक लापता है। ट्रेकिंग पर जाने से पहले अपनी मंगेतर को अपने कार्यक्रम की जानकारी दी थी। यात्रा के लिए एक बाइक भी किराए पर ली थी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है।

ट्रेकिंग पर जाने से पहले मंगेतर से बात की
युवक की पहचान अद्वैत उपाध्याय के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के बेगुर इलाके में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। अद्वैत ने ट्रेकिंग पर जाने से पहले मंगेतर से बात की थी। उसने इस यात्रा के लिए एक बाइक भी किराए पर ली थी।

सीसीटीवी फुटेज मिले 
शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह शिवगंगे पहाड़ी की तलहटी तक पहुंचा। उसने अपनी बाइक वहीं खड़ी की और इसके बाद पहाड़ी की तरफ चढ़ाई शुरू कर दी। पहाड़ी की ओर जाते हुए कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

पहाड़ी पर चढ़ने के बाद युवक की कोई जानकारी नहीं 
फुटेज के आधार पर पुलिस को उसके पहाड़ी क्षेत्र में जाने की जानकारी मिली है। पहाड़ी पर चढ़ने के बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ गई।

सूचना मिलते ही तलाशी शुरू 
अद्वैत के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की। कडुगोडी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें शिवगंगे और उसके आसपास के पहाड़ी इलाकों में संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रही हैं।

डॉग स्क्वायड की भी मदद ले रहे 
पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन और अन्य खोजी दल भी तलाश कर रहे हैं। घने और ऊबड़ खाबड़ पहाड़ी क्षेत्र को देखते हुए तलाश अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। टीमों को अलग-अलग हिस्सों में भेजकर इलाके की जांच की जा रही है।

मोबाईल बंद होने से परेशान परिवार 
परिवार के लिए मोबाइल फोन का बंद होना सबसे बड़ी चिंता का कारण बना है। परिजनों ने अप्रिय घटना की आशंका जताई है। परिवार को लूट या अपहरण जैसी किसी घटना की आशंका भी सता रही है।

सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हो रही तलाशी
पुलिस अभी किसी एक संभावना को सही मानकर जांच आगे नहीं बढ़ा रही है मामले में दुर्घटना, राहजनी, अपहरण और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेकिंग के दौरान किसी दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

किराए की बाइक जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा
पुलिस अद्वैत के मोबाइल फोन की स्थिति, सीसीटीवी फुटेज और उसके आने जाने से जुड़े अन्य सुरागों की जांच कर रही है। उसकी किराए की बाइक भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि इससे पुलिस को उसके अंतिम ज्ञात स्थान और गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सकती है।

Share