| |

झाबुआ में छात्रों को बस किराए में 50% छूट की मांग: NSUI ने RTO कार्यालय पर किया प्रदर्शन; कृतिका मोहटा को सौंपा ज्ञापन

झाबुआ। विद्यार्थियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर NSUI झाबुआ ने सोमवार को जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। संगठन ने निजी बसों में विद्यार्थियों को 50% किराया छूट देने की मांग को लेकर RTO कृतिका मोहटा को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीण क्षेत्रों से बसों से आते हैं विद्यार्थी
NSUI जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार ने कहा कि झाबुआ जिले के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी रोजाना निजी बसों से स्कूल और कॉलेज पहुंचते हैं। बस किराए में लगातार बढ़ोतरी के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं। ऐसे में आने-जाने का खर्च उनकी पढ़ाई के बजट को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को निजी बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिल सकती है।

‘विद्यार्थियों को राहत देना जरूरी’
अमलियार ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की बात करती है, लेकिन शिक्षा तक पहुंचने के लिए होने वाले यात्रा खर्च पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी बसों में विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत किराया छूट देना विद्यार्थी हित में जरूरी कदम है।

NSUI ने शासन और प्रशासन से मांग पर जल्द निर्णय लेने और विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की है।

मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो NSUI द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्या को लेकर आगे भी प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई जाएगी।

Share