| | |

थांदला में 6.60 लाख का 935 लीटर घी जब्त: दो फर्मों से पकड़ाया स्टॉक, सैंपल जांच के लिए भेजे; रिपोर्ट आने तक बिक्री पर रोक

झाबुआ। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को थांदला नगर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 935.2 लीटर घी जब्त किया। घी की कुल बाजार कीमत करीब 6 लाख 60 हजार 400 रुपए बताई गई है।

दो फर्मों से जब्त किया घी
कार्रवाई के दौरान फर्म प्रवीण कुमार शांतिलाल से वातुला घी की कुल 108 लीटर मात्रा जब्त की गई। इसकी बाजार कीमत 81 हजार 360 रुपए है।

फर्म संजय कुमार राजेंद्र कुमार से 827.2 लीटर घी जब्त किया गया। इसकी बाजार कीमत 5 लाख 79 हजार 40 रुपए बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जब्त सामग्री के विक्रय पर जांच रिपोर्ट आने तक रोक लगा दी है। खाद्य पदार्थों के नियमानुसार नमूने लेकर जांच एवं परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

20 जुलाई से अब तक 8.05 लाख रुपए का घी जब्त
जिले में मिलावटी और अवमानक खाद्य पदार्थों के विक्रय पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक कुल 1135.78 लीटर घी जब्त किया जा चुका है। इसकी कुल बाजार कीमत 8 लाख 5 हजार 120 रुपए है।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूना संग्रहण और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद
थांदला में हुई कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजेश जमरा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा और वेलसिंह मोरी मौजूद रहे।

Share