|

करंट लगने से युवक की मौत: सड़क किनारे बिजली का खंभा बना हादसे की वजह; जेब से गांजे की चार पुड़िया मिलीं

सीधी। पडरा गांव में बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार युवक गांव की सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया। खंभे में करंट होने के कारण उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

तलाशी में गांजे की चार पुड़िया मिलीं
पुलिस ने शव की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। तलाशी के दौरान युवक की जेब से गांजे की चार पुड़िया, कुछ नकदी और अन्य सामान मिला। गांजा मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवक के पास मिले गांजे के संबंध में अलग से जांच की जा रही है।

बरसात में बिजली के खंभों को लेकर बढ़ी चिंता
घटना के बाद ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में बिजली के खंभों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कई जगह बिजली के खंभों में करंट उतरने की शिकायतें मिलती रहती हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से खंभों की जांच कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस बोली- हर पहलू की जांच जारी
जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव की तलाशी में मिले सामान की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share