झाबुआ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा: ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत छात्राओं ने लहराए तिरंगा; गूंजे देशभक्ति के नारे

झाबुआ। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत रविवार को झाबुआ शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए छात्राओं ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और जिला पंचायत CEO जितेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद जिला पंचायत CEO ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
नेहरू मार्ग से राजवाड़ा चौक पहुंची यात्रा
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर नेहरू मार्ग और राजवाड़ा चौक से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाए और तिरंगा लहराया।
यात्रा के दौरान SDM महेश मंडलोई और डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर ने मार्गदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी और विद्यालय परिवार के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में छात्राओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।