| |

झारखंड में स्टूडेंट्स का सपोर्ट करने पहुंचे पीयूष मिश्रा: बोले- उनकी आंखों में दर्द, तकलीफ और आंसू नजर आए; ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर बढ़ाया जोश

रांची। छात्रों के आंदोलन का सपोर्ट करने अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा झारखंड पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के बीच बैठकर उनका समर्थन किया और आंदोलन को अपना सहयोग देने की बात कही।

छात्रों का दर्द देखकर रांची पहुंच गए
पीयूष मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारी छात्रों के इंटरव्यू देखने के दौरान उनकी आंखों में दर्द, तकलीफ और आंसू नजर आए। यही देखकर उनसे रहा नहीं गया। दो दिन का समय खाली मिलते ही वे सीधे रांची पहुंच गए।

रांची आने के पीछे कोई राजनीति नहीं 
उन्होंने कहा कि रांची आने के पीछे उनका कोई राजनीतिक या अन्य मकसद नहीं है। वे युवाओं को पसंद करते हैं और उन्हीं के लिए काम और सिंगिंग करते हैं। उन्होंने छात्रों के आंदोलन की तारीफ करते हुए कहा कि यह बिना किसी राजनीतिक झंडे या एजेंडे के शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।

छात्रों के बीच बैठकर दिया समर्थन
पीयूष मिश्रा ने कहा कि वे केवल मंच पर आकर भाषण देने के लिए नहीं पहुंचे हैं। अपनी क्षमता के अनुसार आंदोलन कर रहे छात्रों की मदद भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की ओर से आंदोलन स्थल पर भोजन, गद्दे, तिरपाल और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

जितना संभव होगा उतनी मदद करेंगे 
अभिनेता ने कहा कि वे कोई बहुत बड़े धन सेठ नहीं हैं, लेकिन जितना संभव होगा, उतनी मदद लगातार करते रहेंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से अपील की कि आंदोलन को इसी तरह मर्यादित और अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाएं। उन्होंने छात्रों से अभद्र भाषा और अपशब्दों से बचने की भी अपील की।

‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर छात्रों में भरा जोश
धरना स्थल पर मौजूद छात्रों के बीच पीयूष मिश्रा ने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गुलाल’ (2009) का प्रसिद्ध गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ गाया। जैसे ही उन्होंने गाना शुरू किया, स्टेडियम में मौजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं उनके साथ सुर मिलाते नजर आए। आंदोलन कर रहे युवाओं ने पीयूष मिश्रा के समर्थन और उनके साथ के लिए आभार जताया।

अन्य कलाकार भी कर चुके हैं आंदोलन का समर्थन
छात्रों के इस आंदोलन को बॉलीवुड के कुछ अन्य कलाकारों का भी समर्थन मिल चुका है। सोनाक्षी सिन्हा, इमरान खान, भूमि पेडनेकर और अनुपम खेर समेत कई कलाकारों ने प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है।

Share