| | |

मैहर में नशे में स्कूल आया टीचर: बच्चों से साफ करवाया परिसर: ग्रामीणों की शिकायत पर कारण बताओ नोटिस जारी

मैहर। सरकारी स्कूल के एक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल आने और परिसर में शौच करने के बाद मासूम छात्रों से सफाई करवाने का गंभीर आरोप लगा है। मैहर जिले के हरदुआ ग्राम पंचायत के अमुआ टोला प्राइमेरी स्कूल का है। शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी टीचर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

टीचर समयलाल कोल पर आरोप लगे है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल आने को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर स्थिति की जांच की।

ग्रामीण अचानक स्कूल पहुंचे, बच्चों ने बताई पूरी बात
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षक के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद ग्राम पंचायत के सरपंच रामावतार कोल सहित कुछ ग्रामीण स्कूल पहुंचे।

ग्रामीणों का दावा है कि बच्चों ने उन्हें बताया कि टीचर शराब के नशे में स्कूल आया था। आरोप है कि टीचर ने स्कूल परिसर में ही शौच किया और बाद में छात्रों पर दबाव बनाकर उनसे सफाई करवाई।

सरपंच रामावतार कोल के मुताबिक, मौके पर मानव मल नहीं मिला, लेकिन स्कूल की दीवारों पर गुटखे के निशान बड़ी संख्या में दिखाई दिए।

पढ़ाने के बजाय गुटखा खाने का आरोप
छात्रों ने ग्रामीणों से यह भी शिकायत की कि शिक्षक कक्षा में पढ़ाई कराने के बजाय गुटखा खाता रहता है और दीवारों पर थूकता है। ग्रामीणों का दावा है कि टीचर को उसके परिजन रोज स्कूल छोड़ने और वापस ले जाने आते हैं।

टीचर पर लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच जारी है और इन आरोपों पर शिक्षक का पक्ष सामने आना बाकी है।

नोटिस में गंभीर आरोपों का उल्लेख
ग्रामीणों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। जांच के बाद रामनगर ब्लॉक के प्राचार्य ने टीचर समयलाल कोल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस में शराब के नशे में स्कूल आने, स्कूल परिसर में शौच करने और छात्रों से सफाई करवाने सहित अन्य आरोपों का उल्लेख किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, टीचर के जवाब के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मामले में निलंबन समेत अन्य कार्रवाई पर भी विभाग स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है।

48 घंटे में दूसरा मामला
सरकारी स्कूल के एक शिक्षक द्वारा स्कूल परिसर में शराब की बोतल ले जाने का वीडियो वायरल होने के 48 घंटे के भीतर ही मैहर से शिक्षक के खिलाफ शराब के नशे में स्कूल आने का यह मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की निगरानी और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share