रतलाम बाल सुधार गृह से 7 किशोर भागे: होमगार्ड से मारपीट की; CCTV फुटेज देखकर 6 को पकड़ा

रतलाम। बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह से शनिवार रात सात बाल अपचारी होमगार्ड जवान से मारपीट कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया और छह बाल अपचारियों को रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली क्षेत्र के पास पकड़ लिया। एक बाल अपचारी अभी भी फरार है।
रविवार सुबह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन ने सुधार गृह पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सभी फरार बाल अपचारी 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बताए जा रहे हैं और उन पर हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, रंगदारी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
चैनल गेट के पास सो रहे होमगार्ड पर किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान चैनल गेट के पास चादर ओढ़कर सो रहा था। इसी दौरान सातों बाल अपचारियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। एक बाल अपचारी के हाथ में डंडा था, जिससे उसने पहले वार किया। इसके बाद सभी ने मिलकर जवान को काबू में कर लिया।
मारपीट के बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखी मुख्य शटर गेट की चाबी तलाश की, चैनल गेट का ताला खोला और मुख्य द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए।
रात 3 बजे मिली सूचना, सभी थानों को किया अलर्ट
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि पुलिस को रात करीब तीन बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद विशेष टीम गठित कर जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया। सुधार गृह और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्धों की पहचान के आधार पर पुलिस ने नामली क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया और छह बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया।
फरार होने के दौरान घायल हुए होमगार्ड जवान चंद्रकांत शर्मा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
SP अमित कुमार ने बताया कि घटना को लेकर FIR दर्ज की जा रही है। सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फरार बाल अपचारी की तलाश जारी है और उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
किन मामलों में बंद थे बाल अपचारी
- 2 पर मादक पदार्थों की तस्करी के मामले
- 2 पर दुष्कर्म के मामले
- 1 पर रंगदारी का मामला
- 1 पर हत्या का मामला
- 1 पर हत्या के प्रयास का मामला
पुलिस अब सुधार गृह की सुरक्षा में हुई चूक और ड्यूटी व्यवस्था की भी जांच कर रही है। घटना ने बाल सुधार गृहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।