जोबट में वीर दुर्गादास की प्रतिमा का होगा अनावरण: 2022 में उठी थी स्थापना की मांग; संपतिया उइके होंगी शामिल

अलीराजपुर । नगर में वीर दुर्गादास राठौड़ की भव्य प्रतिमा का अनावरण 13 अगस्त गुरुवार को दोपहर 3 बजे तहसील कार्यालय के सामने आयोजित समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगरवासियों और राठौड़ समाज में उत्साह का माहौल है। प्रतिमा स्थापना को नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गौरव से जोड़कर देखा जा रहा है।

2022 में उठी थी प्रतिमा स्थापना की मांग
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में आयोजित राठौड़ समाज के वार्षिक कार्यक्रम में समाज के युवा आशीष राठौड़ ने मंच से तत्कालीन सांसद गुमान सिंह डामोर के समक्ष जोबट नगर में वीर दुर्गादास राठौड़ की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी थी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रयासों और नगर परिषद जोबट के सहयोग से प्रतिमा निर्माण का कार्य पूरा कराया गया।

युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
वीर दुर्गादास राठौड़ भारतीय इतिहास के महान योद्धाओं में गिने जाते हैं। समाजजनों का कहना है कि उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगी। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

कई जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
आयोजन समिति के अनुसार समारोह में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनिता नागर सिंह चौहान, विधायक सेना महेश पटेल, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष परवाल, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, जोबट विधानसभा प्रभारी विशाल रावत, वरिष्ठ समाजसेवी राकेश अग्रवाल, मुख्य नगर परिषद अधिकारी प्रिया मेहड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहनिया, उपाध्यक्ष अमरलाल राठौड़, पार्षद उमादेवी सुरेशचंद्र टवली, पूर्व प्रभारी सीएमओ संतोष राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

Share