132 केवी लाइन से प्रभावित: किसानों का धरना 5वें दिन जारी; मुआवजा नहीं मिलने पर 10 अगस्त से फिर शुरू होगा आंदोलन

धार। 132 केवी विद्युत प्रसारण लाइन से प्रभावित किसानों की लंबित मांगों को लेकर तहसील डही में भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में चल रहा धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। किसानों ने मुआवजा, फसल क्षति और अन्य नुकसान के मामलों में पारदर्शी और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग उठाई।

उचित समाधान मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
धरना स्थल पर किसानों ने कहा कि विद्युत प्रसारण लाइन निर्माण के दौरान कई किसानों की जमीन और फसलों को नुकसान हुआ, लेकिन अब तक उचित मुआवजा और क्षतिपूर्ति नहीं मिली है। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन और संबंधित विभाग लिखित रूप से संतोषजनक समाधान नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मालवा प्रांत के पदाधिकारी पहुंचे धरना स्थल
इसी दौरान भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी सुरेश जी और भारत जी लछेटा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए 8 और 9 अगस्त को धरना स्थगित रखने का आह्वान किया।

केवल दो दिन का स्थगन, 10 अगस्त से फिर शुरू होगा धरना
संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह स्थगन केवल दो दिनों के लिए है। 10 अगस्त 2026, सोमवार से किसानों का आंदोलन फिर से अनिश्चितकालीन रूप से शुरू किया जाएगा।

किसानों की प्रमुख मांगें
प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और क्षतिपूर्ति का भुगतान, फसल नुकसान का सही सर्वे और मूल्यांकन, मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता, सभी प्रभावित किसानों के साथ समान व्यवहार और समस्याओं की निष्पक्ष जांच प्रमुख मांगों में शामिल हैं।

प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल की जाए, ताकि किसानों को लंबे समय तक धरना देने के लिए मजबूर न होना पड़े।

Share