अलीराजपुर में तेज रफ्तार बाइक का कहर: स्कूल से लौट रही 6 साल की बच्ची को मारी टक्कर; जिला अस्पताल रेफर

अलीराजपुर। जिले के आम्बुआ कस्बे में तेज रफ्तार बाइकर्स की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। शुक्रवार को स्कूल से घर लौट रही 6 साल की बच्ची को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुराने बस स्टैंड के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार नित्या (6), पिता सुन्दरसिंह चौहान, निवासी अडवाड़ा और वर्तमान में आम्बुआ में रह रही है। वह स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
दांत टूटे, सिर और शरीर में चोटें
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत आम्बुआ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में बच्ची के दो-तीन दांत टूट गए हैं और सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
हाट बाजार में बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में कई युवक और किशोर तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं। कई बार एक ही बाइक पर चार-पांच लोग सवार होकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमते नजर आते हैं। साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान यह समस्या और बढ़ जाती है।
रोकने पर करते हैं विवाद
नागरिकों के अनुसार ऐसे बाइकर्स को समझाने या रोकने पर कई बार वे विवाद करने लगते हैं। लोगों ने पुलिस से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और तेज रफ्तार तथा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी की जा चुकी है शिकायत
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पिछले वर्ष भी बेलगाम बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाना आम्बुआ में आवेदन दिया गया था। उनका कहना है कि कभी-कभार कार्रवाई होती है, लेकिन लगातार निगरानी नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाना आम्बुआ में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की जानकारी नहीं मिली थी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर तेज रफ्तार बाइकर्स और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।