पीथमपुर में तेज रफ्तार लोडिंग गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर: चालक की मौके पर मौत, आरोपी फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस

पीथमपुर। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोडिंग आयशर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। लोडिंग का ड्राइवर हादसे के बाद से फरार है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
मृतक की पहचान पवन केवड़ा पंजारिया है । वह धार जिले की मनावर तहसील का निवासी है। बीती शाम वह अपनी मोटरसाइकिल से राजमार्ग पर जा रहा थे। खंडवा चौराहे अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रहे लोडिंग आयशर वाहन ने पवन की बाइक को टक्कर मार दी। घटना शाम 5 बजे की है।
टक्कर के बाद फरार हुआ चालक, बाइक नंबर से हुई पहचान
टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित लोडिंग वाहन सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराते हुए तेजी से मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही संजय जलाशय चौकी प्रभारी अजय भदौरिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक के नंबर (MP 11 NF 8821) के आधार पर मृतक की पहचान की। फिर उनके परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी।
चौराहे पर लगे CCTV कैमरों से सरगर्मी से तलाश
आरोपी की पहचान के लिए चौराहे पर लगे CCTV कैमरों की मदद ली जा रही है। पुलिस कैमरों से लोडिंग आयशर के नंबर और उसके भागने की दिशा का पता लगा रही है।
शव का पोस्टमार्टम और पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया है। आज सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही वाहन को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में लिया जाएगा।