दिल्ली में 1 घंटे चली अमित शाह और कैलाश विजयवर्गीय की मुलाकात: दतिया उपचुनाव सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा; महत्वपूर्ण मानी जा रही है मुलाकात

दिल्ली। दतिया चुनाव परिणाम के बाद मध्यप्रदेश भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
दतिया नतीजों के बाद दिल्ली में बैठकों का दौर
दतिया उपचुनाव में भाजपा को मिली हार और उसके बाद सामने आई भीतरघात की चर्चाओं के बीच भाजपा संगठन सक्रिय नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन की ओर से चुनाव परिणाम और परिस्थितियों को लेकर प्रारंभिक रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा चुकी है। अब दिल्ली पहुंचे नेता केंद्रीय नेतृत्व के सामने जमीनी स्थिति और आगे की रणनीति को लेकर फीडबैक दे रहे हैं।
शिवराज के बाद विजयवर्गीय की शाह से मुलाकात
इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। वहीं अब कैलाश विजयवर्गीय की अमित शाह से भेंट को भी राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इधर, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी भोपाल में दो दिन रुकने के बाद दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके दिल्ली दौरे को भी दतिया घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस ने साधा भाजपा पर निशाना
भाजपा में चल रही बैठकों और मुलाकातों को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने कहा कि दिल्ली में हो रही मुलाकातें संगठन में अपनी स्थिति मजबूत करने और अपनी बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने की कोशिश हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के अंदर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा- संगठन में कोई मनमुटाव नहीं
दिल्ली रवाना होने से पहले डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी, लेकिन उन्होंने दतिया से भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में किसी तरह का मनमुटाव नहीं है और वे पूरी मजबूती के साथ पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के निर्देशों के साथ खड़े हैं।