|

सतना के सरस्वती विद्यालय विवाद में नया मोड़: फीस विवाद से शुरू हुआ मामला; चाचा की कोहनी से चोट लगने का दावा

सतना। कृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्यालय में छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पहले छात्रा की शिकायत पर स्कूल के प्रिंसिपल मुद्रिका प्रसाद दुबे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब स्कूल प्रशासन ने पुलिस को CCTV फुटेज देकर अलग दावा किया है।पुलिस फुटेज की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सच क्या है।

CCTV फुटेज में क्या दिखा
स्कूल प्रशासन का कहना है कि फुटेज में छात्रा की नाक पर चोट किसी मारपीट से नहीं, बल्कि उसके चाचा की कोहनी लगने से हुई दिखाई दे रही है।

स्कूल का यह भी कहना है कि छात्रा स्कूल गेट पर बेहोश होकर नहीं गिरी थी। फुटेज में वह पहले बैठती है, अपनी ड्रेस ठीक करती है और फिर जमीन पर लेट जाती है। इस दौरान उसके चाचा बाहर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।

छात्रा ने क्या आरोप लगाए थे
छात्रा ने पुलिस को बताया था कि फीस जमा नहीं होने के कारण उसे क्लास से बाहर कर दिया गया था। उसने आरोप लगाया था कि विरोध करने पर प्रिंसिपल ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी नाक से खून निकला और हाथ में चोट आई।उसने यह भी कहा था कि वह स्कूल के बाहर काफी देर तक पड़ी रही, लेकिन स्कूल के किसी कर्मचारी ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया।

स्कूल प्रशासन का क्या कहना है
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि CCTV वीडियो में प्रिंसिपल द्वारा किसी तरह की मारपीट नहीं दिखाई दे रही है।प्रबंधन के अनुसार, छात्रा के चाचा स्कूल कार्यालय में आए थे।

वहां बहस के दौरान उनकी कोहनी गलती से छात्रा की नाक पर लग गई, जिससे खून निकलने लगा।स्कूल का आरोप है कि बाद में बाहर आकर पूरे मामले को अलग तरीके से दिखाने की कोशिश की गई।

चाचा के खिलाफ भी शिकायत
स्कूल प्रशासन ने छात्रा के चाचा के खिलाफ कार्यालय में हंगामा करने और कर्मचारियों से बदसलूकी करने की शिकायत भी पुलिस को दी है।दूसरी तरफ छात्रा और उसका परिवार अपने आरोपों पर कायम है और उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन खुद को बचाने के लिए नया दावा कर रहा है।

पुलिस क्या कर रही है

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि छात्रा को चोट कैसे लगी और स्कूल में उस दिन वास्तव में क्या हुआ था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share