धार में अफ्रीकन बकरियां चोरी: 5 थानों की टीम ने 2 दिन में पकड़े 5 आरोपी; 10 लाख की थीं 16 बकरियां

धार। धार शहर के जिराबाद पैलेस स्थित बकरी फार्म से करीब 10 लाख रुपए कीमत की अफ्रीकन नस्ल की 16 बकरियां चोरी हो गईं। मामले को गंभीर मानते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर 5 थानों और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाई। पुलिस ने 2 दिन के अंदर 5 आरोपियों को पकड़ लिया और 8 बकरियां बरामद कर ली हैं।
जिराबाद पैलेस के मैनेजर ने कोतवाली थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी गई बकरियां अफ्रीकन नस्ल की होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया गया।
पुलिस ने क्राइम ब्रांच धार, थाना नौगांव, तिरला, टांडा, गंधवानी और कोतवाली थाना की संयुक्त टीम बनाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टांडा क्षेत्र के 5 आरोपियों को पकड़ लिया।

इनमें थीं महंगी नस्ल की बकरियां
चोरी गई 16 बकरियों में अफ्रीकन बोर, बोर क्रॉस और बरबरी नस्ल की बकरियां शामिल थीं। पुलिस ने अब तक 8 बकरियां बरामद की हैं।
दो बकरियां काटकर खाने की बात सामने आई
SP विजय डावर ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि चोरी की गई दो बकरियों को मारकर खा लिया गया, जबकि कुछ बकरियों को बेचने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों का 2 दिन का रिमांड लिया है। बाकी बकरियों की तलाश की जा रही है और यह भी जांच हो रही है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल तो नहीं हैं।

जल्द बरामद होंगी अन्य बकरियां
ASP विजय डावर ने बताया कि चोरी गई बकरियां अलग-अलग नस्ल की थीं। पुलिस बाकी बकरियों को जल्द बरामद करने का प्रयास कर रही है। संयुक्त टीम लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।