झाबुआ के तालाब पुलिया की हालत खराब: सर्किट हाउस के पास सुरक्षा दीवार में भी दरारें; कभी भी हो सकता है हादसा

झाबुआ। कॉलेज रोड पर सर्किट हाउस के पास बनी तालाब पुलिया की खराब हालत को लेकर चिंता बढ़ गई है। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने मौके पर पहुंचकर पुलिया का निरीक्षण किया। उनके साथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ और कई स्थानीय लोग मौजूद थे।
रहवासियों ने बताया, दीवार में बड़ी दरारें
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि पुलिया की सुरक्षा दीवार कई जगह से टूटने लगी है और उसमें बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। लोगों ने कहा कि लंबे समय से पुलिया की हालत खराब है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
रहवासियों के अनुसार बारिश के दिनों में तालाब का जलस्तर बढ़ने पर पुलिया के आसपास की स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल लोग गुजरते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश
मौके पर स्थिति देखने के बाद विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी है और किसी भी प्रकार की जनहानि से बचने के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाना आवश्यक है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा
विधायक ने अधिकारियों से पुलिया की मरम्मत के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत करने को कहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सके। स्थानीय लोगों ने भी पुलिया की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।