| | |

पीथमपुर की कंपनी केंटीन की सब्जी में निकला कानखजूरा: 30 मजदूर बीमार; आंदोलन की चेतावनी दी

पीथमपुर। कंपनी की कैंटीन में खाना खाने के बाद 30 से ज्यादा श्रमिक बीमार हो गए। 4-5 श्रमिकों की हालत गंभीर है । उन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था। अन्य मजदूरों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया था। फिलहाल सभी को छुट्टी दे दी गई है।

सब्जी में निकला कानखजूरा
मामला सेक्टर-3 स्थित टाटा स्टील चौराहे के पास लीनटी टावर कंपनी का है। रात 9 बजे श्रमिकों ने कैंटीन में भिंडी की सब्जी खाई। खाने के कुछ देर बाद ही कई मजदूरों को उल्टी, घबराहट हुई। फिर तबीयत बिगड़ने की शिकायत होने लगी। बताया जा रहा है कि सब्जी में कानखजूरा मिल था। उसके के बाद यह स्थिति बनी।

अस्पताल पहुंचे पार्षद विनोद सिंह
मजदूरों को तत्काल श्रीनाथ अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पार्षद विनोद सिंह चौहान और समाजसेवी अनिल द्विवेदी ने श्रमिकों का हाल जाना।

कैंटीन सुपरवाइजर पर लापरवाही के आरोप
मजदूरों ने कंपनी मैनेजर और कैंटीन सुपरवाइजर लीलाधर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि कैंटीन की खराब व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करने पर उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जाता।

आंदोलन कर सकते हैं मजदूर 
यह आरोप भी लगाया कि एक साल पहले भी कैंटीन के खाने से मजदूर बीमार हुए थे। उस समय भी कई श्रमिकों को इंदौर रेफर करना पड़ा था। बार-बार हो रही घटनाओं को लेकर मजदूरों में नाराजगी है। पार्षद विनोद सिंह चौहान ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी है। कैंटीन व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो मजदूर आंदोलन कर सकते हैं।

Share