7 माह की गर्भवती की इलाज के दौरान मौत: परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

आलीराजपुर। उमराली में 7 माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने कथित झोलाछाप (बंगाली) डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ड्रिप चढ़ाने के बाद अचानक बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सुमनियावाट निवासी भिन्टी थानका (23) शनिवार को अचानक बीमार हो गई थीं। परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए क्षेत्र में प्रैक्टिस करने वाले एक बंगाली डॉक्टर के पास ले गए।
परिजनों ने लगाया ड्रिप चढ़ाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने महिला को ड्रिप चढ़ाई और कुछ दवाइयां दीं। उपचार के कुछ समय बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर रवाना हुए।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
परिजन महिला को अस्पताल पहुंचा पाते, उससे पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक और नाराजगी का माहौल है। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पर्याप्त चिकित्सकीय योग्यता वाले लोगों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।