रोक के बाद भी सोन घड़ियाल अभयारण्य में चल रही गाड़ियां: रेंजर ने कहा- सभी मामलों पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखना संभव नहीं

सीधी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के भवरसेन स्थित सोन नदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ युवक वाहनों से नदी के रेतीले हिस्से में स्टंट करते दिख रहे है। इसके बाद वन विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो “रवि बैस” के फेसबुक अकाउंट से शेयर किया है।
क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रोक
घटना रविवार सुबह 10 बजे का वीडियो है। इसमें कई युवक नजर आ रहे हैं। कुछ नाबालिग होने की भी बात कही है। यह इलाका सोन घड़ियाल अभयारण्य का हिस्सा है। यहां संरक्षित जलीय जीवों का संरक्षण किया जाता है। वन विभाग ने इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी है।
प्रतिबंधित होने के बाद भी आ रहे लोग
अगस्त और सितंबर कई जलीय जीवों के अंडे देने का मौसम होता है। ऐसे समय में नदी के अंदर वाहन आने जाने से जानवरों के प्रभावित होने की आशंका है। निवासी शिवकुमार मिश्र का कहना है कि प्रतिबंधित होने के बावजूद यहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
सभी मामलों पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखना संभव नहीं
लोग नदी की रेत में वाहन चलाते हैं। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती। इससे संरक्षित जीवों पर खतरा बढ़ रहा है। अभयारण्य के रेंजर अशोक अलावा से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल व्यस्त हैं। सभी मामलों पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखना संभव नहीं है। जांच करने के बाद ही कुछ बोल पाएंगे। उसके बाद कार्यवाही करेंगे।