मऊगंज के शाहपुर में ऑटो चालक टक्कर मारकर भागा: 50 वर्षीय अधेड़ की मौत; पुलिस ने तलाश शुरू की

मऊगंज। शाहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से एक 50 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर शाहपुर-हनुमना मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस और अधिकारियों के समझाने बाद तीन घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी गौरी शंकर साकेत (50) पिता सोभनाथ साकेत शनिवार रात करीब 9 बजे घर के पास मुख्य मार्ग पर पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि वे कई फीट दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर फरार
घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग करते हुए शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्का जाम के कारण शाहपुर-हनुमना मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
सूचना पर शाहपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामदीन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई का विश्वास दिया। तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो सका।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।