| | | |

इंदौर में 25 लाख के गहनों की चोरी का आरोपी पकड़ाए: बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाते थे; ई-रिक्शा भी जब्त

इंदौर। लसूडिया थाना पुलिस ने शेयरिंग ई-रिक्शा में चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने महाराष्ट्र से इंदौर आए एक बुजुर्ग के बैग से 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक शेयरिंग ई-रिक्शा भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी पवन सिंह अपनी बेटी को ससुराल छोड़ने महाराष्ट्र से इंदौर आए थे। इंदौर रेलवे स्टेशन से लसूडिया जाने के लिए दोनों शेयरिंग ई-रिक्शा में सवार हुए। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बुजुर्ग को चालक के पास और उनकी बेटी को पीछे बैठाया। इसी दौरान मौका पाकर बैग में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
मामले की जांच के दौरान लसूडिया थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य आरोपी महबूब पिता अब्दुल और मोहम्मद रियाज पिता यामीन, निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हैं। इनके साथ किशोर जोशी, कमल गरोड़िया और जितेंद्र जोशी, निवासी हातोद को भी गिरफ्तार किया गया है।

बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे उन्हें शेयरिंग ई-रिक्शा में बैठाकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपियों से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Share