| | |

8 अगस्त से रीवा-भोपाल-कोलकाता के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद: डिप्टी सीएम बोले- तैयारी पूरी होने वाली है

रीवा। रीवा से कोलकाता के लिए प्रस्तावित विमान सेवा को लेकर नया अपडेट सामने आया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि रीवा-भोपाल-कोलकाता फ्लाइट 8 अगस्त से शुरू होने के आसार हैं। पहले यह सेवा जुलाई के अंत तक शुरू होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन तकनीकी  कारणों से इसकी शुरुआत टालनी पड़ी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए विमान सेवा शुरू कराने की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एयरलाइन और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो 8 अगस्त से उड़ान संचालन शुरू किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि रीवा एयरपोर्ट से वर्तमान में दिल्ली, इंदौर और रायपुर के लिए नियमित विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। कोलकाता के लिए नई उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र का हवाई संपर्क और मजबूत होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ यात्रियों को पूर्वी भारत की यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

हालांकि, विमान सेवा की अंतिम संचालन तिथि एयरलाइन और नागरिक उड्डयन विभाग की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही तय होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि 8 अगस्त से रीवा-भोपाल-कोलकाता विमान सेवा शुरू हो जाएगी।

Share