झाबुआ में निर्माणाधीन पुल बना हादसे का कारण: युवक की बस की चपेट में आने से मौत; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

झाबुआ। गुजरात से उज्जैन तीर्थ दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी एक बस शनिवार सुबह मेघनगर के आगे सजेली फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बस के बोनट पर बैठे एक युवक की नीचे गिरने के बाद बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
गड्ढे में पहिया जाने से बिगड़ा बस का संतुलन
स्थाई निवासी ईश्वर ने बताया कि चामुंडा बस (क्रमांक GJ01DV1111) जैसे ही निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची, सड़क पर बने गड्ढे में पहिया जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अचानक लगे झटके से बस के बोनट पर बैठे विजय सिंह (25), निवासी राखिमाल, जिला गांधीनगर, गुजरात नीचे गिर गए और बस की चपेट में आ गए। बस का चालक मुकेश (34), निवासी साबरमती, अहमदाबाद, गुजरात चला रहा था।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसा 1 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे हुआ। बस अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल की दीवार से जा टकराई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सजेली फाटक पर अधूरे पुल और सड़क पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों और मृतक के परिजनों ने MPRDC (मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड) के विभाग और जिला प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और यातायात सुरक्षा के इंतजाम करने की अपील की है। ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।