जयस को मनाने सड़क पर बैठे थाना प्रभारी: बड़वानी में ब्लड नहीं मिलने से युवक की मौत; कार्यकर्ताओं ने कोतवाली को घेरा

बड़वानी। जिला अस्पताल में समय पर ब्लड नहीं मिलने से एक युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के कार्यकर्ताओं और मृतक के परिजनों ने शुक्रवार को कोतवाली थाने का घेराव किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस और अस्पताल के अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
हीमोग्लोबिन कम होने पर ब्लड चढ़ाने की जरूरत पड़ी
जयस के प्रदेश प्रवक्ता संदीप नरगावे ने बताया कि नंदगांव निवासी शिवराम पिता भिक्या की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 29 जुलाई को हुई जांच में उनका हीमोग्लोबिन 5.3 ग्राम निकला, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत ब्लड चढ़ाने की बात कही।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
आरोप है कि अस्पताल में समय पर ब्लड नहीं मिल सका। परिजनों ने कई बार रक्तदान कराने की कोशिश की, लेकिन कभी ओटीपी नहीं आने तो कभी दूसरी वजह बताकर उन्हें वापस भेज दिया गया। यहां तक कि शिवराम की मां का भी ब्लड नहीं लिया गया।
रिकॉर्ड में नाम की गलती भी बनी वजह
जयस का कहना है कि बाद में एक व्यक्ति ने रक्तदान किया, लेकिन रिकॉर्ड में मरीज का नाम ‘शिवराम’ की जगह ‘शिवम’ दर्ज होने के कारण वह ब्लड भी नहीं चढ़ाया जा सका। 30 जुलाई की शाम इलाज के दौरान शिवराम की मौत हो गई।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों और जयस ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। संगठन का कहना है कि मामला साफ है और इसमें तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
समझाइश के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
घटना के बाद कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन और जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना ने प्रदर्शनकारियों से बात की और जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
कलेक्टर ने जांच का दिया भरोसा
बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि शुरुआती जानकारी में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा लग रहा है। मरीज का हीमोग्लोबिन भी काफी कम था। उन्होंने कहा कि ब्लड चढ़ाने में देरी क्यों हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।