इंदौर एयरपोर्ट पर 14 घंटे रोका बांग्लादेश एयरफोर्स का विमान: कराची से आया था; वाराणसी होते हुए ढाका के लिए हुआ रवाना

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बांग्लादेश एयरफोर्स का एक विमान 14 घंटे 36 मिनट तक रुका रहा। उपलब्ध फ्लाइट रिकॉर्ड के अनुसार विमान 28 जुलाई को शाम 5.24 बजे इंदौर पहुंचा था। 29 जुलाई को सुबह 8 बजे यहां से उड़ान भरकर रवाना हो गया।
यह विमान ओमान के मस्कट से कराची होते हुए इंदौर पहुंचा था। इंदौर में निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद विमान वाराणसी के लिए रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि उसका अंतिम गंतव्य ढाका था।
एयरपोर्ट पर हुई ग्राउंड हैंडलिंग और ईंधन भरने की प्रक्रिया
इंदौर में विमान का ईंधन भरने के साथ अन्य आवश्यक ग्राउंड हैंडलिंग की औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद बुधवार सुबह विमान ने अगली उड़ान भरी।

यात्रा के उद्देश्य पर नहीं मिली आधिकारिक जानकारी
विमान में कौन-कौन सवार था। किस प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा की या उसके इंदौर आने का उद्देश्य क्या था। इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने टिप्पणी से किया इनकार
एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने विमान की आवाजाही और उसके मिशन पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे सभी विमानों का संचालन आवश्यक सरकारी अनुमति और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ही किया जाता है। फिलहाल विमान की यात्रा के उद्देश्य को लेकर आधिकारिक स्तर पर कोई जानकारी जारी नहीं की गई है।