दतिया में सड़क की मांग पर मतदान का बहिष्कार: कांग्रेस का आरोप-बूथ में एजेंट को नहीं मिला प्रवेश; नरोत्तम ने किया जीत का दावा

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होते ही लंबी कतारें लग गईं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतों की गणना 3 अगस्त को होगी।
तीन ईवीएम में आई तकनीकी खराबी
मतदान प्रारंभ होने से पहले तीन मतदान केंद्रों पर ईवीएम से जुड़े उपकरणों में तकनीकी खराबी सामने आई। मॉक पोल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के एजेंटों और कैमरों की मौजूदगी में खराब मशीनों को बदल दिया गया।
मतदान केंद्र क्रमांक-186 पर वीवीपैट, क्रमांक-108 पर बैलेटिंग यूनिट (बीयू) तथा क्रमांक-290 पर कंट्रोल यूनिट (सीयू) में खराबी आई थी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मशीनें समय रहते बदल दी गईं, जिसके बाद निर्धारित समय पर सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया।
लखनपुर में सड़क की मांग पर मतदान का बहिष्कार
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों ने “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए और वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया।
कांग्रेस ने लगाया एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप
मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार दतिया की जनता भाजपा के अहंकार का जवाब देगी और कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बसई क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
भाजपा प्रत्याशी ने किए मां पीतांबरा के दर्शन
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान शुरू होने से पहले मां पीतांबरा के दर्शन कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त वातावरण की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक-158 पहुंचकर पार्टी के पोलिंग एजेंटों से मुलाकात की और भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिलने का दावा किया।
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने किया मतदान
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि दतिया की जनता विकास के पक्ष में मतदान कर रही है और भाजपा पहले से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष संभावित हार को देखकर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा,
“हमारा उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करना और दतिया का विकास करना है, इसलिए कमल का बटन दबाया गया। हमें अच्छे मतदान प्रतिशत की उम्मीद है। कांग्रेस जब भी हार की ओर बढ़ती है, ऐसे आरोप लगाने लगती है। यह उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है।”
2.20 लाख से अधिक मतदाता कर रहे मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव में जिले के 291 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से दिव्यांग, बुजुर्ग, महिला और युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई मतदान केंद्रों पर सुबह 7:40 बजे तक लंबी कतारें लग गई थीं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। एसएसबी सहित 16 सुरक्षा कंपनियों के 1,422 जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन का दावा- शांतिपूर्ण मतदान
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मतदान शुरू हुआ है। प्रशासन लगातार मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है ताकि सभी मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन उपचुनाव का अंतिम फैसला 3 अगस्त को होने वाली मतगणना के बाद जनता के जनादेश के रूप में सामने आएगा।