| | |

इंदौर-देवास हाईवे पर एक्सीडेंट: निर्माणाधीन ब्रिज के पास हुआ हादसा; CCTV खंगाल रही पुलिस

देवास। इंदौर-देवास नेशनल हाईवे पर अर्जुन बड़ौदा नए ब्रिज के पास बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पीपल्दा-क्षिप्रा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन ब्रिज के पास हुआ।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में उसके दोनों पैरों में गंभीर और खुली चोटें आईं। सड़क पर काफी मात्रा में खून फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने बुलाया पुलिस और एम्बुलेंस
हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 108 एम्बुलेंस और क्षिप्रा थाना पुलिस को सूचना दी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
क्षिप्रा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायल की बाइक हीरो पैशन (MP 41 NH 5113) है, जिसके आधार पर पुलिस देवास आरटीओ से वाहन मालिक और परिजनों की जानकारी जुटा रही है।

निर्माणाधीन ब्रिज बना हादसों का ब्लैक स्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि अर्जुन बड़ौदा नए ब्रिज पर लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। पर्याप्त रोशनी, चेतावनी संकेतक और सुरक्षित डायवर्जन नहीं होने के कारण यह हिस्सा हादसों का ब्लैक स्पॉट बन चुका है। ग्रामीणों ने यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।

Share