|

MP में 77 हजार नए कारोबारियों ने भरा इनकम टैक्स रिटर्न: इंदौर के सुमित गुप्ता ने जमा किया ₹31.67 करोड़ एडवांस टैक्स, एक्टर कार्तिक आर्यन को भी पछाड़ा

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश में इस बार आयकर रिटर्न (ITR) भरने वाले कारोबारियों का दायरा काफी बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 18 लाख 35 हजार से ज्यादा कारोबारियों ने अपना रिटर्न दाखिल किया है, जो पिछले साल के मुकाबले 9.26 फीसदी अधिक है। इस दौरान करीब 77 हजार नए बिजनेसमैन पहली बार टैक्स के दायरे में शामिल हुए हैं।

इस बार टैक्स जमा करने के मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इंदौर के कारोबारी सुमित गुप्ता की हो रही है। सुमित गुप्ता ने नॉन-कॉरपोरेट केटेगरी में रिकॉर्ड 31.67 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स जमा किया है। उन्होंने टैक्स अदायगी के मामले में बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को भी पछाड़ दिया है। ग्वालियर मूल के अभिनेता कार्तिक आर्यन ने इस साल 21 करोड़ रुपए एडवांस टैक्स भरा है, जबकि पिछले साल उन्होंने 11 करोड़ रुपए जमा किए थे।

टैक्स फ्री आय की सीमा बढ़ने से सैलरीड क्लास घटा

आयकर विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश से इस साल कुल 32,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनकम टैक्स कलेक्शन हुआ है, जो विभाग के तय लक्ष्य का करीब 97.05 प्रतिशत है। हालांकि, पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 32,300 करोड़ रुपए था। इस बार टैक्स फ्री आय की सीमा बढ़ाकर 12.75 लाख रुपए सालाना किए जाने के कारण नौकरीपेशा (सैलरीड) टैक्सपेयर्स की संख्या में 12 हजार से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

यह हैं मध्य प्रदेश के टॉप एडवांस टैक्सपेयर

कॉरपोरेट श्रेणी में सबसे ज्यादा टैक्स देने वालों में नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड, कमिंस टेक्नोलॉजीज, ब्रिजस्टोन इंडिया (208 करोड़ रुपए), एनएचडीसी लिमिटेड, जेपी पॉवर वेंचर्स, मप्र राज्य सहकारी बैंक और मप्र लघु वनोपज व्यापार संघ शामिल हैं। वहीं नॉन-कॉरपोरेट श्रेणी में इंदौर के सुमित गुप्ता पहले, कार्तिक आर्यन दूसरे और भोपाल के सजावट ज्वेलर्स तीसरे स्थान पर रहे हैं।

इनकम टैक्स एक्सपर्ट और चार्टर्ड अकाउंटेंट आशीष पारीख का कहना है कि विभाग द्वारा रिफंड प्रक्रिया को आसान बनाने और टैक्स अदायगी के नियमों को सरल करने से लोगों में जागरूकता बढ़ी है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में नए टैक्सपेयर जुड़ रहे हैं और ग्वालियर जैसे शहर भी इस बदलाव की वजह से चर्चा में आए हैं।

Share