| | |

तनजीम नगर में जलभराव के कारण फंसी कार: स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप, स्थायी समाधान की मांग

इंदौर। खजराना क्षेत्र स्थित तनजीम नगर में जलभराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें बारिश के बाद पानी से भरी सड़क पर एक कार फंसी हुई दिखाई दे रही है। कार में 5 से 7 बच्चे सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलभराव के कारण कार आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद दूसरी गाड़ी की मदद से टोचन (टोइंग) कर कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के दौरान बच्चों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
रहवासियों का आरोप है कि इलाके में सालभर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि नाली और ड्रेनेज व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण थोड़ी-सी बारिश में भी सड़कों पर कमर तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और वाहन अक्सर फंस जाते हैं।

स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार किया जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, जिससे हर बारिश में लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Share