| |

पीथमपुर में स्टाफ बस की टक्कर से किशोरी की मौत: लोगों ने किया हंगामा; आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग

पीथमपुर। राऊ-पीथमपुर बायपास स्थित उत्कर्ष कॉलोनी के पास सड़क हादसे में घायल 17 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद शनिवार सुबह गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक निर्माता आयशर कंपनी की स्टाफ बसों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया।

20 जुलाई को एक कंपनी की स्टाफ बस ने चौराहे पर दो युवतियों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। 17 वर्षीय किशोरी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय दूसरी युवती का इलाज अभी भी जारी है।

आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग
घटना से नाराज कॉलोनी के लोग सड़क पर उतर आए और कंपनी की बसों की आवाजाही रोक दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की।

मौके पर नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी 
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इसलिए कंपनी को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Share