पीथमपुर में नाले किनारे युवक का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
पीथमपुर (धार)। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र स्थित सांवरिया मंदिर चौराहे के पास आज सुबह नाले के किनारे एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। राहगीरों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नवागत नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) कमल सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान सांवरिया मंदिर के पास स्थित झुग्गी बस्ती (गणेश मंदिर, राऊ बायपास, सेक्टर-1) निवासी आत्माराम पिता दूधा राठौड़ (35 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक की 5 बेटियां है और राजमिस्त्री का काम कर अपना परिवार का भरण पोषण करता था वह परिवार का एक मात्र कमाने वाला सदस्य था।शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
CSP कमल सिंह चौहान ने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) और साइबर टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।