|

सीएम से विधायक बोले – सड़कें नहीं मिलीं तो जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा; सीएम ने कहा – “16 नहीं, 17 सड़कें देंगे

मप्र के कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने जूते-चप्पल त्यागने का ऐलान किया है। विधायक ने सीएम मोहन यादव के सामने ऐलान किया की अगर 16 सड़कों की स्वीकृति नहीं मिलीं तो तक जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे, जिस पर मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, “16 नहीं, 17 सड़कें देंगे। दरअसल, शाजापुर के कालापीपल दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने 16 सड़कों की स्वीकृति नहीं मिलने तक जूते-चप्पल नहीं पहनने की घोषणा की, जिस पर मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, 16 नहीं, 17 सड़कें देंगे। विधायक जी को जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किसान सम्मेलन में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा। घनश्याम ने 48 सड़कों के उन्नयन, 16 पुरानी सड़कों की स्वीकृति, नए राजस्व भवन और अरनियाकला में कला एवं विज्ञान संकाय का शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग रखी। घनश्याम ने कहा कि यदि 16 सड़कें स्वीकृत नहीं हुईं या उनका निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में विधायक की घोषणा का जवाब देते हुए कहा, “16 नहीं, 17 सड़कें देंगे। हमारे जूते-चप्पल कांटों से बचाने और दौड़ लगाने के लिए हैं। विधायक जी को जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। सरकार अच्छे और सच्चे काम के लिए आपके साथ है। सीएम ने आगे कहा कि छोड़ना है तो कांग्रेसी छोड़ें जूते-चप्पल, हमारे बाप का क्या जाता है।

रोजगार और योजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सब-इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है और कर्मचारियों की पदोन्नति के मामलों पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से प्रदेश में रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। साथ ही होम स्टे योजना, सांदीपनि सीएम राइज स्कूल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र आशु नंद किशोर मीणा और रानी जैन का सम्मान किया गया। भाजपा प्रदेश मंत्री बबीता परमार ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर स्वागत किया। विद्यार्थी परिषद की ओर से एबीवीपी के स्थापना दिवस पर स्व. सालगराम तोमर का चित्र भेंट किया गया। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति और लाभ वितरण पत्र भी सौंपे गए।

सीएम ने किया 29 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री दोपहर 12:10 बजे हेलीकॉप्टर से कालापीपल पहुंचे, जहां उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद महेंद्र सोलंकी और विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो कर लोगों का अभिवादन किया। कृषि उपज मंडी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और करीब 29 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने शुजालपुर-आष्टा राष्ट्रीय राजमार्ग से अवंतिपुर बड़ोदिया तक 679 लाख रुपए की लागत से बनने वाले फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन किया। इसके अलावा पीपलिया नगर में पुल निर्माण और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरदौनकलां सहित चार स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया। कालापीपल के लिए रेलवे ओवरब्रिज बनाने की भी घोषणा की।

यह लोग उपस्थित थे कार्यक्रम में  

कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह सिसोदिया, फूल सिंह मेवाड़ा, गिरिराज मंडलोई, जसवंत सिंह हाड़ा, वर्तमान निगम अध्यक्ष पंकज जोशी, भाजपा प्रदेश मंत्री बबीता परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, महामंडलेश्वर कल्याणदास जी, मानस कथा प्रवक्ता पंडित श्याम मनावत भी मौजूद हैं।

Share