| | | |

राजा रघुवंशी हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट से सोनम रघुवंशी को राहत, जमानत पर रोक लगाने से इनकार

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत फिलहाल बरकरार रहेगी। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की कि यदि सोनम अब तक रिहा नहीं हुई होती तो जमानत रद्द करने पर विचार किया जा सकता था। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने राहत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

इससे पहले 15 जून को सोनम रघुवंशी ने एक निजी चैनल से बातचीत में अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करती नजर आ रही थी। उसने कहा था कि वह नेपाल नहीं भागी है और उसके बारे में झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। सोनम ने लोगों से किसी भी अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील करते हुए कहा था कि उसने हमेशा जांच और अदालत की कार्यवाही में सहयोग किया है और आगे भी करती रहेगी। उसने यह भी स्पष्ट किया था कि फिलहाल उसका इंदौर जाने का कोई मन नहीं है।

सोनम का यह बयान उस समय आया था, जब राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि जमानत पर रिहा होने के बाद वह नेपाल चली गई है। उन्होंने मामले की जांच केंद्रीय CBI से कराने की मांग भी उठाई थी।

विपिन रघुवंशी का कहना है कि यदि देश के अन्य चर्चित मामलों में केंद्रीय एजेंसियां जांच कर सकती है, तो राजा रघुवंशी की हत्या जैसे संवेदनशील मामले में भी CBI जांच होनी चाहिए। विपिन का कहना है कि इस प्रकरण का संबंध मध्यप्रदेश और मेघालय दोनों राज्यों से है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी को जांच आवश्यक करना चाहिए।

अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सोनम रघुवंशी की जमानत बरकरार रहेगी, जबकि मामले की CBI जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार का संघर्ष जारी है।

Share