| |

मध्य प्रदेश में चार दिन और सताएगी लू-उमस, 25 जून के बाद मानसून की दस्तक के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक लू, उमस और तेज गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि कुछ जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 25 जून के बाद मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है।

मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के कई जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। सोमवार को नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, उमरिया और डिंडौरी में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास और खरगोन सहित कई जिलों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

दूसरी ओर प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा और अशोकनगर में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।

रविवार को रायसेन में करीब 61 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि भोपाल, सतना, जबलपुर, खजुराहो और सिवनी सहित कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई। बारिश के चलते कुछ शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 37.1 डिग्री, उज्जैन में 36 डिग्री और जबलपुर में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल निर्धारित समय से करीब एक सप्ताह पीछे चल रहा है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 23 जून तक मानसून छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की ओर आगे बढ़ सकता है, जबकि 25 जून के बाद मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की संभावना है।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर बारिश नहीं होने से खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो सकती है। ऐसे में प्रदेश के किसान मानसून के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Share

Similar Posts