गिल-ईशान के शतकों से भारत मजबूत स्थिति में, दूसरे वनडे में अफगानिस्तान पर दबाव

लखनऊ। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने 33 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 266 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन शतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को दूसरे ओवर में ही पहला झटका लग गया। यशस्वी जायसवाल महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। रोहित अपने अर्धशतक से चूक गए और 48 रन बनाकर आउट हो गए।

रोहित के आउट होने के बाद ईशान किशन ने गिल का शानदार साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए तेजी से रन जुटाए और अपने-अपने शतक पूरे किए। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा है।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को डेब्यू का मौका मिला है, जबकि कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल की टीम में वापसी हुई है। वहीं नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया है।

तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। धर्मशाला में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई थी। अब दूसरे मैच में भी टीम इंडिया जीत की मजबूत दावेदार नजर आ रही है।

Share

Similar Posts