|

आज से शुरू होगा फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ का आगाज़

फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन, फीफा विश्व कप 2026 का आगाज़ आज से होने जा रहा है। इस बार का टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक है। पहली बार विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और पहली बार इसकी मेजबानी तीन देश — अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको — संयुक्त रूप से कर रहे हैं। 39 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।

विश्व कप का उद्घाटन मुकाबला मेजबान मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैक्सिको सिटी में खेला जाएगा। इस मैच के साथ ही फुटबॉल के सबसे बड़े उत्सव की शुरुआत होगी। मैक्सिको तीसरी बार विश्व कप की मेजबानी कर रहा है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

इस बार सभी 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण के बाद शीर्ष टीमें नॉकआउट दौर में प्रवेश करेंगी।

पहली बार दिखेंगी नई ताकतें

विश्व कप 2026 में चार देश पहली बार अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहे हैं। इनमें काबो वर्डे, क्यूरासाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। वहीं हैती 1974 के बाद पहली बार विश्व कप में वापसी कर रहा है। इसके अलावा ऑस्ट्रिया, नॉर्वे और स्कॉटलैंड जैसी टीमें भी लंबे अंतराल के बाद विश्व कप के मंच पर लौट रही हैं।

दिग्गज खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

टूर्नामेंट में दुनिया के कई बड़े सितारे मैदान पर उतरेंगे। फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी, किलियन एम्बाप्पे, जूड बेलिंघम, विनीसियस जूनियर और एरलिंग हालैंड जैसे खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी। करीब 1200 से अधिक खिलाड़ी इस विश्व कप में अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खिताब के दावेदार कौन?

पिछले कुछ वर्षों के प्रदर्शन को देखते हुए अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, स्पेन, इंग्लैंड और जर्मनी को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं पुर्तगाल, नीदरलैंड और उरुग्वे जैसी टीमें भी बड़ा उलटफेर करने की क्षमता रखती हैं।

टूर्नामेंट का कार्यक्रम

  • ग्रुप स्टेज: 11 जून से 27 जून
  • राउंड ऑफ 32: 28 जून से 2 जुलाई
  • राउंड ऑफ 16: 4 जुलाई से 7 जुलाई
  • क्वार्टर फाइनल: 9 जुलाई से 12 जुलाई
  • सेमीफाइनल: 14 और 15 जुलाई
  • तीसरे स्थान का मुकाबला: 18 जुलाई
  • फाइनल: 19 जुलाई

अब देखना दिलचस्प होगा कि फुटबॉल का यह महाकुंभ किस टीम के सिर विश्व विजेता का ताज सजाता है। दुनिया भर के करोड़ों प्रशंसकों की निगाहें अगले 39 दिनों तक इस रोमांचक टूर्नामेंट पर टिकी रहेंगी।

Share

Similar Posts