मालवीय नगर अग्निकांड के बाद एक्शन मोड में दिल्ली सरकार, सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई हाई लेवल बैठक
नई दिल्ली। मालवीय नगर अग्निकांड जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भाग लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य अग्निकांड की परिस्थितियों की समीक्षा करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि मालवीय नगर स्थित गेस्ट हाउस में हुई भीषण आग की घटना के पीछे मौजूद लापरवाहियों और कमियों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में अवैध संपत्तियों, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटल और गेस्ट हाउसों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उन संस्थानों पर भी सख्त कार्रवाई होगी जो अग्नि सुरक्षा मानकों और भवन उपविधियों (बिल्डिंग बाय-लॉज) का उल्लंघन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिक कठोर और जवाबदेह नियम लागू करने की दिशा में काम कर रही है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी होटल, गेस्ट हाउस या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार का मानना है कि राजधानी में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
