हमीरपुर पुल हादसे पर CM योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख मुआवजे का ऐलान
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहने से हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों तक आर्थिक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
युद्धस्तर पर चल रहा राहत और बचाव कार्य
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को नुकसान का आकलन कर राहत राशि जल्द जारी करने, बचाव कार्य तेज करने और हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है।






