|

भीषण गर्मी के बीच PM मोदी की अपील, पानी पिएं और लू से बचाव करें

Narendra Modi ने देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और जरूरतमंदों की मदद करने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेशों में कहा कि अत्यधिक गर्मी सभी के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने लोगों को हीट एग्जॉशन के लक्षणों जैसे चक्कर आना, मतली और अत्यधिक थकान को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कमजोरी, सिरदर्द या अस्वस्थता महसूस हो तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाकर पानी या ओआरएस देना चाहिए।

मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और खुले में काम करने वाले लोग गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर हीट एग्जॉशन गंभीर रूप लेकर हीटस्ट्रोक में बदल सकता है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग परिजनों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उनका हालचाल लें और उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और आराम करने की सलाह दें।

साथ ही प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घरों, दुकानों, बालकनी और कार्यालयों के बाहर पानी से भरे छोटे बर्तन रखना प्यासे पक्षियों और जानवरों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बढ़ते तापमान के बीच सावधानी और संवेदनशीलता दोनों जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि संभव हो तो किसी जरूरतमंद या प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर उपलब्ध कराएं और इस कठिन मौसम में एक-दूसरे का ध्यान रखें।

Share

Similar Posts